Samajwadi Party Protest: नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, बिजली व्यवस्था को लेकर भी जताया विरोध

Samajwadi Party Protest: नीट पेपर लीक और महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, बिजली व्यवस्था को लेकर भी जताया विरोध

नोएडा : समाजवादी पार्टी और छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को छात्र-युवाओं और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक मामले, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और क्षेत्र में खराब बिजली व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा नेताओं ने सरकार पर छात्रों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

धरने को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों को इस तरह बर्बाद करना बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूल समस्याओं की ओर ध्यान देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब बिजली आपूर्ति को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।

इस मौके पर इंद्र प्रधान, प्रशांत भाटी, कृष्ण रावल, प्रिंस भाटी, हारून सैफी, इमरान सैफी समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी और छात्र सभा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img