दिल्ली

Safdarjung Hospital:अनुकंपा के तहत 06 एलडीसी और 10 एमटीएस को मिली नियुक्ति, 16 कर्मियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

Safdarjung Hospital: अनुकंपा के तहत 06 एलडीसी और 10 एमटीएस को मिली नियुक्ति, 16 कर्मियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

नई दिल्ली, 9 फरवरी (नवोदय टाइम्स)। कठिन परिस्थितियों में परिवारों को सहारा देने के उद्देश्य से लागू अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत सफदरजंग अस्पताल में 16 कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने 06 लोअर डिवीजन क्लर्क और 10 मल्टी टास्किंग स्टाफ को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त कर्मचारियों और उनके परिजनों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला। डॉ. संदीप बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का मुख्य उद्देश्य ऐसे परिवारों को संबल प्रदान करना है, जिन्होंने अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया हो, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और मरीजों की सेवा का माध्यम है, इसलिए सभी नवनियुक्त कर्मियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सफदरजंग अस्पताल देश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक है और यहां कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका मरीजों के विश्वास और अस्पताल की गरिमा से जुड़ी हुई है। डॉ. बंसल ने नवनियुक्त कर्मचारियों से रोगी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारु बाम्बा, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेखा तिर्की और डीडीए गणेश कुमार भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और लगन के साथ करेंगे। अनुकंपा नियुक्ति के तहत मिली इस नई जिम्मेदारी को कर्मचारियों ने अपने परिवारों के लिए नई उम्मीद और स्थिर भविष्य की शुरुआत बताया।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button