Producer Amit Jani Threat: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद फिल्म प्रोड्यूसर अमित जानी को मिली जान से मारने की धमकी, गृह मंत्रालय से सुरक्षा की गुहार
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के बाद अब उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी चर्चित फिल्म निर्माता और जानी फायरफॉक्स मीडिया के प्रमुख अमित जानी को जान से मारने और दफ्तर पर फायरिंग करने की खुली धमकी मिली है। अमित जानी का दावा है कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा ऑडियो संदेश भेजा गया है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि वे टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करवा सकते हैं, तो उन पर भी जवाबी फायरिंग की जा सकती है। गंभीर सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमित जानी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, यूपी के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और नोएडा पुलिस कमिश्नरेट को लिखित शिकायत देकर अपनी व परिवार की सुरक्षा बढ़ाने और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
अमित जानी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे इन दिनों ‘काला हिरण’ नामक एक फीचर फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। इस फिल्म के विषय को लेकर कुछ असामाजिक तत्वों और गैंगस्टरों के बीच यह गलतफहमी पैदा हो गई है कि वे कुख्यात माफिया लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े हुए हैं और फिल्म के माध्यम से उसे हीरो बनाकर महिमामंडित करना चाहते हैं। अमित जानी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उनका किसी भी आपराधिक गिरोह, लॉरेंस बिश्नोई या उसके नेटवर्क से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है और न ही वे किसी को कोई फंडिंग उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह एक कलात्मक और कानूनी प्रोजेक्ट है, जिसे गलत संदर्भ में देखा जा रहा है।
निर्माता ने खुलासा किया कि उन्हें इससे पूर्व भी बंबइहा गैंग, नीरज बवाना गैंग, कौशल चौधरी गैंग, हिमांशु भाऊ गैंग, रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के नाम से लगातार जान से मारने और रंगदारी मांगने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिनकी प्राथमिकी अलग-अलग थानों में दर्ज है। अमित जानी ने सवाल उठाया कि मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले से उनका क्या वास्ता है, जो उन्हें इस तरह से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि गैंगवार की आड़ में उनके ऊपर कभी भी जानलेवा हमला हो सकता है। नोएडा पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि अमित जानी द्वारा दी गई ऑडियो रिकॉर्डिंग और मोबाइल नंबरों की फॉरेंसिक व सर्विलांस जांच कराई जा रही है और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।


