प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने वाले जिले के चार खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

अमर सैनी

नोएडा। द्वितीय सब जूनियर अंडर-14 में नार्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप जीतने वाली उत्तर प्रदेश टीम में शामिल जिले के चार खिलाड़ियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। प्रदेश की टीम बालक व बालिका दोनों वर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा करने में सफल रही। प्रतियोगिता का आयोजन लुधियाना के गुरु नानक देव पब्लिक स्कूल में 22 से 24 नवंबर तक किया गया। पंजाब रोल बॉल एसोसिएशन व रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में आठ राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। कोच मिलिंद शर्मा ने बताया कि बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम ने फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम को 8-0 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। जबकि बालिका वर्ग में यूपी की टीम ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में ग्रेटर नोएडा के हर्ष रावल, बालिका वर्ग में सुरभि, सुरोश्री बनर्जी और तनिष्का तंवर ने उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को सोमवार को जिला रोल बॉल संघ के अध्यक्ष मोहित दलगीर एडवोकेट और उपाध्यक्ष चेतन वशिष्ठ ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। महासचिव रविकांत ने बताया है कि चैंपियनशिप में चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की टीमों ने हिस्सा लिया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img