Polynomus Industries: नोएडा में पॉलीनॉमस इंडस्ट्रीज़ का 75 करोड़ निवेश, तकनीकी विस्तार से 600 युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर
नोएडा। औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को नया आयाम देने की दिशा में नोएडा के लिए एक अहम खबर सामने आई है। पॉलिमर कंपाउंड उत्पादन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी पॉलीनॉमस इंडस्ट्रीज़ ने अपने व्यापारिक विस्तार की घोषणा करते हुए करीब 75 करोड़ रुपये का निवेश करने का निर्णय लिया है। कंपनी द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह निवेश उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नई मशीनरी लगाने, अनुसंधान एवं विकास (R&D) को मजबूत करने और भविष्य की तकनीकों के उन्नयन में किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि इस विस्तार से क्षेत्र में 500 से 600 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे, जिसका लाभ स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगा।
पॉलीनॉमस इंडस्ट्रीज़ देश में उन्नत पॉलिमर कंपाउंड बनाने वाली अग्रणी कंपनियों में से एक है, जिसका तैयार किया गया मैटेरियल देशभर के प्रमुख उद्योग क्षेत्रों में व्यापक रूप से उपयोग होता है। कंपनी के अनुसार, उनके द्वारा निर्मित पॉलिमर कंपाउंड का उपयोग रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एलईडी लाइटिंग, इलेक्ट्रिक आयरन, कंप्यूटर-लैपटॉप, मेडिकल डिवाइसेस, और दो व चार पहिया वाहनों के विभिन्न मैकेनिकल एवं स्ट्रक्चरल पार्ट्स में किया जाता है। कंपनी देश की कई शीर्ष इलेक्ट्रॉनिक्स, होम एप्लायंसेज और ऑटोमोबाइल निर्माता कंपनियों को लंबे समय से सप्लाई दे रही है।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि विभिन्न सेक्टर्स में पॉलिमर कंपाउंड की बढ़ती मांग और तेजी से विकसित हो रही तकनीक के चलते उत्पादन इकाइयों का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया था। नए निवेश के साथ न केवल उत्पादन क्षमता कई गुना बढ़ाई जाएगी, बल्कि रोबोटिक सिस्टम, ऑटोमेशन, गुणवत्ता नियंत्रण और हाई-प्रिसिजन मॉड्यूल्स पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे घरेलू उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के बराबर उत्पाद उपलब्ध हो सकें।
स्थानीय उद्योग संगठनों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि पॉलीनॉमस इंडस्ट्रीज़ का विस्तार नोएडा और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई गतिशीलता प्रदान करेगा। इससे MSME और सप्लाई चेन नेटवर्क में भी नए व्यावसायिक अवसर तेज़ी से उपलब्ध होंगे। क्षेत्र के उद्यमियों का मानना है कि ऐसे निवेश से युवाओं में रोजगार और कौशल विकास दोनों के अवसर बढ़ेंगे, जिससे नोएडा उत्तर भारत का और बड़ा औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


