Noida Wedding Season: शादियों के मौसम में बाजारों में लौटी रौनक, बढ़ी खरीदारी से व्यापारियों में उत्साह

Noida Wedding Season: शादियों के मौसम में बाजारों में लौटी रौनक, बढ़ी खरीदारी से व्यापारियों में उत्साह

नोएडा। में देवउठनी एकादशी के साथ ही शादियों का सीजन शुरू हो चुका है और इसी के साथ शहर के बाजारों में चहल-पहल लौट आई है। नवंबर से 15 दिसंबर तक नोएडा में शहनाइयों, बैंडबाजों और बारातों की गूंज सुनाई देगी। बाजारों में खरीदारों की भीड़, दुकानों की चमक और सजावट ने शहर के माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस सीजन में कारोबार में जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा। व्यापारिक संगठनों के अनुसार, जिले में नवंबर और दिसंबर 2025 के बीच करीब दो हजार से अधिक शादियां होंगी। इससे आभूषण, परिधान, उपहार, फर्नीचर और आयोजन से जुड़े सभी उद्योगों में बिक्री में वृद्धि हो रही है। सेक्टर 18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के मुताबिक केवल आभूषणों की खरीदारी करोड़ों रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं प्रमुख व्यापारी संगठन के चेयरमैन नरेश कुच्छल का कहना है कि सेक्टर 5 हरौला, सेक्टर 27 की इंदिरा मार्केट और अन्य क्षेत्रों में शादी से जुड़ी वस्तुओं—जैसे घर की सजावट, दूल्हा-दुल्हन के परिधान, उपहार, ज्वेलरी और आयोजन स्थल बुकिंग—की भारी मांग है।

फर्नीचर और बर्तन कारोबार में भी तेजी आई है। शादी समारोहों के लिए लोग नए बर्तन सेट और फर्नीचर खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में बिक्री में लगभग 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है।
शादी बारातों के लिए बैंड बाजों की बुकिंग भी जोरों पर है। सेक्टर 101 सलारपुर के निजी बैंड संचालक सोनू के अनुसार, इन दिनों बैंड की बुकिंग 20 हजार रुपये से लेकर 60 हजार रुपये तक की जा रही है। ग्राहक की मांग पर कैटरिंग, घोड़े या बग्घी, विंटेज कार और फ्लावर डेकोरेशन की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनके अलग-अलग शुल्क हैं।

वहीं, शादी की यादों को कैद करने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की मांग भी बढ़ गई है। सेक्टर 22 स्थित एक स्टूडियो के मालिक एचएस चौधरी ने बताया कि लोग अब छह महीने पहले से ही अपनी शादी की फोटोग्राफी बुक करा रहे हैं। प्री-वेडिंग शूट और थीम फोटोग्राफी के पैकेज 35 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के हैं। इन पैकेजों में सिनेमैटिक वीडियोग्राफी, ड्रोन शॉट्स और एल्बम डिजाइनिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।

शहर के बैंक्वेट हॉल भी पूरी तरह बुक हैं। सेक्टर 51 स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल के संचालक एसके सिंह के अनुसार, बढ़ती मांग को देखते हुए अब एक ही दिन में दो-दो शादियों का आयोजन किया जा रहा है। दिन के समय विवाह समारोहों का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ा है, जिससे हॉल संचालकों को समय प्रबंधन कर कार्यक्रम पूरे करने पड़ रहे हैं। कम शुभ मुहूर्त के कारण एक ही दिन के लिए कई कॉल्स आ रही हैं, लेकिन अधिकांश लोग पहले से ही अपनी तारीखों की बुकिंग करा चुके हैं।

कुल मिलाकर, नोएडा में इस शादी सीजन ने बाजारों में नई जान फूंक दी है। जहां व्यापारी कारोबार में बढ़ोतरी से उत्साहित हैं, वहीं ग्राहक भी अपने विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए खुलकर खर्च कर रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img