Noida village DJ ban: ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव में शादियों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

Noida village DJ ban: ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव में शादियों में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र स्थित नवादा गांव में आयोजित पंचायत में ग्रामीणों ने एक बड़ा सामाजिक फैसला लेते हुए शादियों में डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। रविवार को हुई इस पंचायत में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से इस निर्णय का समर्थन किया।
पंचायत के फैसले के अनुसार अब गांव में किसी भी शादी समारोह में डीजे नहीं बजाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ग्रामीण न तो उस शादी में शामिल होंगे और न ही किसी प्रकार का सहयोग करेंगे।
पंचायत के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य नरपत सिंह नागर ने तेज ध्वनि से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि डीजे की तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे लोगों को मानसिक तनाव, सुनने की समस्या और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने ऐसे मामलों का भी जिक्र किया, जहां अत्यधिक शोर के कारण गंभीर स्वास्थ्य घटनाएं सामने आई हैं।
इस मौके पर ग्रामीणों ने अन्य सामाजिक कुरीतियों पर भी विचार-विमर्श किया और उन्हें समाप्त करने का संकल्प लिया। पंचायत का मानना है कि इस तरह के निर्णय गांव की परंपराओं को बनाए रखने, सामाजिक संतुलन कायम रखने और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर वातावरण देने के लिए जरूरी हैं।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि इस फैसले से गांव में शांति, सौहार्द और अनुशासन को बढ़ावा मिलेगा और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। पंचायत में बालकिशन, चंद्रपाल सिंह, त्रिलोक नागर, श्यामलाल, धीरज नागर, कालू, राजू, वेद नागर, मिश्री, हरचंदा, बिशनपाल, जयपाल, धर्मपाल, संजय नागर, भभूति, अजीत मास्टर, विक्रम मास्टर, लच्छी नागर और रतनलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



