Noida Theft: गैस कटर से शटर और तिजोरी काटकर फार्मेसी दुकान में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Noida Theft: गैस कटर से शटर और तिजोरी काटकर फार्मेसी दुकान में चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
नोएडा: सेक्टर-62 स्थित एक फार्मेसी दुकान में बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने गैस कटर से दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और फिर तिजोरी काटकर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
Sector 58 Police Station में दर्ज शिकायत के अनुसार सेक्टर-48 निवासी दिव्याकन गुप्ता ने बताया कि वह सोल फार्मेसी कंपनी में प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत हैं और क्षेत्र में उनकी 10 दुकानें संचालित हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 मई की रात करीब ढाई बजे दो बदमाश चेहरे पर मास्क और सिर पर हेलमेट लगाकर सेक्टर-62 स्थित टॉट मॉल में पहुंचे। आरोपियों ने गैस कटर की मदद से दुकान का शटर काटा और अंदर घुस गए।
इसके बाद बदमाशों ने दुकान के अंदर रखी तिजोरी को भी गैस कटर से काट डाला और उसमें रखे 67,200 रुपये चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी दिसंबर महीने में उनकी दुकान में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। लगातार दूसरी बार हुई चोरी से व्यापारियों में नाराजगी और डर का माहौल है।
Noida Police का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।




