Noida Crime: नोएडा में चोरी के गैंग का भंडाफोड़, 12 लाख का माल बरामद, चार शातिर गिरफ्तार

Noida Crime: नोएडा में चोरी के गैंग का भंडाफोड़, 12 लाख का माल बरामद, चार शातिर गिरफ्तार
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के थाना फेस-3 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने टीपी नगर चौराहे के पास से चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 15 चोरी के लैपटॉप, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान उर्फ कालू (23 वर्ष, निवासी गौतमबुद्धनगर), योगेन्द्र चौहान उर्फ लंका (25 वर्ष, मूल निवासी कन्नौज), अभिषेक कुमार (23 वर्ष, निवासी गौतमबुद्धनगर) और अर्जुन (38 वर्ष, मूल निवासी दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से लैपटॉप, मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी करते थे और चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आमिर खान और योगेन्द्र चौहान पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े केस भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों व चोरी के सामान की सप्लाई चेन की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस की इस सतर्क कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।





