Noida School Bomb Threat: नोएडा के दो नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, एक घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
नोएडा में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के दो बड़े प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने बिना देरी किए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया और दोनों स्कूल परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:15 बजे शिव नादर स्कूल और एमिटी स्कूल की ओर से फोन कर बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बम स्क्वॉयड के साथ स्कूल पहुंची। एहतियात के तौर पर तुरंत कक्षाओं को स्थगित कर दिया गया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्कूल स्टाफ को भी बाहर भेजकर पूरे परिसर को सील कर दिया गया।
करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान बम निरोधक दस्ते ने क्लासरूम, लाइब्रेरी, लैब, पार्किंग और खुले मैदान समेत स्कूल के हर कोने की बारीकी से जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी तरह का संदिग्ध सामान या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और स्कूल प्रशासन को स्थिति की जानकारी दी।
जॉइंट सीपी राजीव मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में धमकी भरा ई-मेल फर्जी यानी होक्स पाया गया है। इसके बावजूद सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए दोनों स्कूलों में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से मेल की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर लिया जाएगा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे


