उत्तर प्रदेश : मथुरा में शिवांगी मेटल्स फैक्टरी में भीषण आग, आसमान में छाया काला धुआं

Mathura News : मथुरा के गौर केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित शिवांगी मेटल्स की फैक्टरी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार नेशनल हाईवे से कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।

नेशनल हाईवे स्थित गोकुल रेस्टोरेंट क्रॉसिंग के समीप गौर केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में यह फैक्टरी स्थित है, जहाँ स्क्रैप मेटल (लोहे के कबाड़) का बड़ा कारोबार होता है। शुक्रवार सुबह जब कर्मचारी अपने काम में जुटे थे, तभी अचानक फैक्टरी के एक हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि आग फैलते ही अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा जनहानि का खतरा टल गया।

फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों और आसपास के फैक्टरी संचालकों ने सुरक्षा के मद्देनजर रास्तों को ब्लॉक कर दिया और निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो से अधिक गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को और फैलने से रोका और काफी हद तक उस पर काबू पा लिया है।

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक रूप से इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। फैक्टरी प्रबंधन अब नुकसान का आकलन करने में जुटा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन फैक्टरी में रखा लाखों का स्क्रैप और मशीनें जलकर खाक होने की आशंका है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img