Noida Property Dispute: करोड़ों की संपत्ति कब्जाने के आरोप में दो लोगों पर केस दर्ज

Noida Property Dispute: करोड़ों की संपत्ति कब्जाने के आरोप में दो लोगों पर केस दर्ज
नोएडा में करोड़ों रुपये की संपत्ति पर कब्जा करने के आरोप का मामला सामने आया है। दुबई में कारोबार करने वाले एक व्यक्ति ने सेक्टर-20 थाने में कोर्ट के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने संपत्ति का सौदा करने के बाद पूरी रकम नहीं दी और कब्जा भी नहीं छोड़ा। साथ ही बात करने पर धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकॉन सोसाइटी निवासी शाकिर हुसैन ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह दुबई में कारोबार करते हैं। उन्होंने सितंबर 2016 में बैंक द्वारा सेक्टर-18 में नीलाम की गई एक संपत्ति खरीदी थी। शाकिर हुसैन का कहना है कि वह दिल्ली के रानीबाग निवासी नवीन सचदेवा को करीब दस वर्षों से जानते हैं और उन्हें समय-समय पर उधार भी देते रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2019 में नवीन सचदेवा ने दिल्ली के हरिनगर निवासी भरत मेहता के साथ मिलकर उक्त संपत्ति का सौदा किया। इस सौदे की कुल कीमत नौ करोड़ 11 लाख रुपये तय की गई थी। एग्रीमेंट टू सेल के मुताबिक तीन करोड़ रुपये नवीन सचदेवा और छह करोड़ 11 लाख रुपये भरत मेहता द्वारा दिए जाने थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने करीब छह करोड़ रुपये देकर संपत्ति पर कब्जा कर लिया, लेकिन इसके बाद शेष रकम देने में टालमटोल करते रहे। जब शाकिर हुसैन ने बाकी रकम देकर बैनामा कराने की बात कही तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे।
पीड़ित का यह भी कहना है कि बाद में आरोपियों ने उन्हें छह करोड़ रुपये वापस लेकर संपत्ति छोड़ देने का प्रस्ताव दिया। इस पर शाकिर हुसैन ने छह करोड़ रुपये का चेक भरत मेहता को दिया, लेकिन आरोपियों ने इस प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया। अब स्थिति यह है कि न तो वे बकाया रकम दे रहे हैं और न ही संपत्ति का कब्जा वापस कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने इस मामले में आरोपियों से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने अभद्रता की और धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





