Noida garbage issue: नोएडा में कूड़ा उठाने वाली कंपनी पर 10.38 लाख का जुर्माना, डोर-टू-डोर सेवा में लापरवाही पर कार्रवाई

Noida garbage issue: नोएडा में कूड़ा उठाने वाली कंपनी पर 10.38 लाख का जुर्माना, डोर-टू-डोर सेवा में लापरवाही पर कार्रवाई
नोएडा में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद नोएडा प्राधिकरण ने एजी इनवायरो इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख 38 हजार 290 रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई दो महीने की मॉनिटरिंग के बाद की गई, जिसमें पाया गया कि कंपनी अपने एग्रीमेंट के अनुसार कूड़ा संग्रहण का काम सही तरीके से नहीं कर रही थी, जिससे शहर में साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
प्राधिकरण के अनुसार, कई क्षेत्रों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां पर्याप्त संख्या में नहीं चलाई गईं, जबकि जो गाड़ियां उपलब्ध थीं उनमें से लगभग 25 प्रतिशत खराब पाई गईं। कंपनी द्वारा इन वाहनों की मरम्मत भी नहीं कराई गई, जिससे डोर-टू-डोर कलेक्शन बाधित रहा। इसके कारण लोगों को मजबूरी में खुले स्थानों और मुख्य सड़कों पर कूड़ा फेंकना पड़ा, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए और शिकायतों में लगातार बढ़ोतरी हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि 25 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच कुल 157 कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां अपने निर्धारित रूट पर नहीं चलीं। सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा होने के कारण उनकी निगरानी प्राधिकरण द्वारा की जा रही थी, जिससे यह लापरवाही तुरंत पकड़ में आ गई। इस आधार पर 3 लाख 92 हजार 500 रुपये का अलग से जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा, इसी अवधि में 1 लाख 29 हजार 158 घरों से कूड़ा संग्रहण नहीं किया गया, जिसके लिए प्रति घर के हिसाब से 6 लाख 45 हजार 790 रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। कुल मिलाकर कंपनी पर 10 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि यदि भविष्य में इसी तरह की लापरवाही जारी रही तो एग्रीमेंट भी निरस्त किया जा सकता है। अधिकारियों ने कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा है कि अब सेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी नियमों के अनुसार नियमित कलेक्शन सुनिश्चित करना होगा।