Noida: गौतमबुद्ध नगर में घने कोहरे को देखते हुए वाहनों की नई स्पीड लिमिट लागू, 15 फरवरी तक रहेगी प्रभावी

Noida: गौतमबुद्ध नगर में घने कोहरे को देखते हुए वाहनों की नई स्पीड लिमिट लागू, 15 फरवरी तक रहेगी प्रभावी

गौतमबुद्ध नगर में सर्दियों के मौसम के दौरान घने कोहरे और धुंध के कारण बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने वाहनों के लिए नई गति सीमा जारी की है। यह नई स्पीड लिमिट 15 दिसंबर से लागू होकर 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इस अवधि में दृश्यता कम होने के कारण तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, इसलिए एहतियात के तौर पर गति सीमा घटाई गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों की अधिकतम गति सीमा 75 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जबकि भारी वाहनों के लिए यह सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। इससे पहले हल्के वाहनों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की अनुमति थी, जिसे अब घटा दिया गया है। इसी तरह नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

इसके अलावा शहर के भीतर यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण नोएडा एलिवेटेड रोड पर भी स्पीड लिमिट तय की गई है। यहां हल्के वाहनों को अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटे और भारी वाहनों को 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि एलिवेटेड रोड पर सुबह और रात के समय कोहरा ज्यादा घना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

यातायात विभाग ने साफ किया है कि इस अवधि में नई गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें, फॉग लाइट का सही इस्तेमाल करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

गौरतलब है कि हर साल दिसंबर से फरवरी के बीच यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण कई बड़े सड़क हादसे सामने आते हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की यह पहल दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img