राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Metro: नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो का विस्तार प्रस्तावित, 7.5 किमी नया रूट केंद्र को भेजा

Noida Metro: नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो का विस्तार प्रस्तावित, 7.5 किमी नया रूट केंद्र को भेजा

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के लाखों लोगों के लिए राहत की खबर है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) ने सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 स्थित किसान चौक तक मेट्रो लाइन विस्तार का प्रस्ताव आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय को भेजा है। प्रस्तावित रूट लगभग 7.5 किलोमीटर लंबा होगा और इसके जरिए सेक्टर-61, 70, 122, 123 होते हुए किसान चौक तक मेट्रो पहुंचेगी। अब केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद परियोजना आगे बढ़ेगी।

मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत सर्वे कराया जाएगा, जिसमें रूट की व्यवहार्यता, लागत और तकनीकी पहलुओं का मूल्यांकन होगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और निर्माण कार्य की राह साफ होगी। अधिकारियों का कहना है कि यह विस्तार परियोजना नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फिलहाल 7-8 लाख की आबादी रहती है, लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधाएं बेहद सीमित हैं। यहां रहने वाले लोगों को निजी वाहनों या महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है। साझा ऑटो और बसों की कमी से नौकरीपेशा लोग, छात्र और महिलाएं रोजाना की यात्रा में परेशान हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि मेट्रो परियोजना के प्रस्ताव पहले भी कई बार भेजे गए, लेकिन धरातल पर अब तक कुछ देखने को नहीं मिला। इस बार उम्मीदें इसलिए अधिक हैं क्योंकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का मुद्दा लगातार उठता रहा है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर हो जाता है, तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट को पहली बार मेट्रो की सीधी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र का विकास तेज होगा और यात्रियों की मुश्किलें कम होंगी।

Related Articles

Back to top button