Noida Cyber Crime: नोएडा साइबर क्राइम की बड़ी कार्रवाई, शेयर मार्केट ठगी के मास्टरमाइंड को देहरादून से दबोचा

Noida Cyber Crime: नोएडा साइबर क्राइम की बड़ी कार्रवाई, शेयर मार्केट ठगी के मास्टरमाइंड को देहरादून से दबोचा
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा साइबर क्राइम टीम ने एक बड़ी और संगठित साइबर ठगी का खुलासा करते हुए देहरादून से एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी के जरिए 80 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी की गई, जबकि साइबर ठगी से जुड़े खातों में करीब 99 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है, जिसे पुलिस ने फ्रीज करा दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पाल उम्र 23 वर्ष निवासी अयोध्या उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कमीशन के लालच में ठगी के लिए करंट अकाउंट खुलवाने के काम में जुटा था और फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में लोगों को जाल में फंसा रहा था। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और व्हाट्सऐप के माध्यम से नेटवर्क तैयार करता था और निवेश के नाम पर लोगों को झूठे वादे दिखाकर पैसे ट्रांसफर कराता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी होटल में रुककर पूरी साइबर ठगी की साजिश को अंजाम देता था ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके। एक खाते में आने वाली ठगी की रकम को तुरंत कई अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था, जिससे रकम का पता लगाना मुश्किल हो सके। साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ देश के 7 राज्यों में केस दर्ज हैं और हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र तक कुल 16 शिकायतें सामने आ चुकी हैं। आरोपी फर्जी शेयर मार्केट इन्वेस्टमेंट स्कीम के जरिए बड़े स्तर पर साइबर अपराध का जाल फैलाने में शामिल था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





