Noida Crime: नोएडा में घरों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, सरगना समेत तीन बदमाश दबोचे

Noida Crime: नोएडा में घरों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, सरगना समेत तीन बदमाश दबोचे

नोएडा। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने रविवार को रेकी कर सुनसान घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के गहने, नकदी, कपड़े और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हापुड़ के पिलखुआ निवासी चरण सिंह उर्फ चन्ना, मयंक शर्मा और मनीष गिरी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नोएडा के विभिन्न इलाकों में सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों थाना क्षेत्र के एक घर से गहने और महंगी वस्तुएं चोरी हो गई थीं, जिसके बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर एसीपी ट्विंकल जैन और थाना प्रभारी की अगुवाई में एक टीम गठित की गई थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य फिर से चोरी की वारदात की तैयारी में हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया।

चरण सिंह उर्फ चन्ना गिरोह का सरगना बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ हापुड़ और नोएडा में विभिन्न धाराओं में पांच आपराधिक केस दर्ज हैं। वहीं मयंक और मनीष पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रोजाना पिलखुआ से नोएडा आते, सुनसान और बंद पड़े घरों की रेकी करने के बाद समय मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उनके पास उपकरण रहते थे जिनकी मदद से वे मिनटों में ताले और दरवाजे तोड़कर घरों के भीतर घुस जाते थे और कीमती सामान ले उड़ते थे।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि बीते शुक्रवार उन्होंने थाना क्षेत्र के एक घर में चोरी की थी तथा एक माह पहले हनुमान विहार स्थित मकान को भी निशाना बनाया था। चोरी का सामान ये दिल्ली के सुनारों या राहगीरों को बेच देते थे। पुलिस अब उन सुनारों की तलाश कर रही है जिनको ये चोरी का सामान बेचते थे। यदि संलिप्तता सिद्ध हुई तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। तीनों आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुके हैं और हापुड़, गाजियाबाद व नोएडा में कई चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सरगना द्वारा बताए गए अन्य साथियों की भी तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि गिरोह ने कई और बड़े मामलों को अंजाम दिया होगा जिसकी जांच जारी है। इस कार्यवाही से क्षेत्र के निवासियों में राहत और पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img