Greater Noida: पार्टी के बाद कहासुनी बनी जानलेवा: ग्रेटर नोएडा में हत्या के आरोपी दोस्त गिरफ्तार

Greater Noida: पार्टी के बाद कहासुनी बनी जानलेवा: ग्रेटर नोएडा में हत्या के आरोपी दोस्त गिरफ्तार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के अस्तौली गांव में दोस्ती और विश्वास की डोर उस समय टूट गई जब मामूली नोकझोंक दो दोस्तों द्वारा अपने ही मित्र की हत्या का कारण बन गई। दनकौर कोतवाली पुलिस ने रविवार को हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने कबूल किया कि उन्होंने शराब पार्टी के बाद कहासुनी होने पर अपने दोस्त मनीष की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया था। मृतक मनीष परिवार का इकलौता बेटा था, जिसकी हत्या से गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी भरत उर्फ भूरा, निवासी अस्तौली और बॉबी, निवासी पतलाखेड़ा, आपस में मौसेरे भाई हैं और मनीष के साथ उनकी दोस्ती 11 वर्षों से थी। घटना 29 नवंबर की रात की है, जब मनीष अपने दोनों दोस्तों के साथ कार से पार्टी करने घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और दोस्तों पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शुरू में पुलिस ने मामला गुमशुदगी में दर्ज किया, लेकिन बाद में तकनीकी जांच, पूछताछ और घटनाक्रम के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया।

तीन दिन तक एनडीआरएफ और पुलिस द्वारा चलाए गए व्यापक सर्च अभियान के बाद मनीष का शव जमालपुर गांव के पास नहर में फेंके जाने के स्थान से लगभग 5 किलोमीटर दूर बांजरपुर गांव के निकट बरामद किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वह कार भी बरामद की है, जिससे वे घटना स्थल तक पहुंचे थे।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पार्टी के दौरान कार की चाबी को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक झगड़े में बदल गई। आवेश में आकर दोनों ने मिलकर मनीष की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को नहर में फेंक दिया।

मृतक के पिता नारायण सिंह ने रोते हुए कहा कि परिवार उसके विवाह की तैयारियों में जुटा था, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिन दोस्तों के साथ मनीष का हर वक्त उठना-बैठना था, वही उसकी जान ले लेंगे। शनिवार देर शाम गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें गांव और आस-पड़ोस के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और अदालत में जल्द ही आरोप-पत्र प्रस्तुत कर सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह घटना एक सबक है कि गुस्से और नशे की स्थिति में किया गया कोई भी निर्णय जीवन बर्बाद कर सकता है।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img