राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : महिला दिवस पर दिल्ली को 18 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, मेट्रो के नए कॉरिडोर से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

New Delhi : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया और फेज-V(ए) के तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास किया। लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं से राजधानी में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लाखों लोगों की यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनेगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि देश को प्रगति की राह पर निरंतर आगे बढ़ाने वाले नेतृत्व का दिल्ली आगमन राजधानी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की जनता, विशेषकर महिलाओं को यह महत्वपूर्ण सौगात मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का लाभ दिल्ली के हर नागरिक को मिलेगा, लेकिन माताओं, बहनों और बेटियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का यह माध्यम विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन दो कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया है, उनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर लगभग 12 किलोमीटर और मजलिस पार्क से दीपाली चौक लगभग 9 किलोमीटर शामिल हैं। इन कॉरिडोरों के शुरू होने से दिल्ली के लाखों लोगों का आवागमन आसान होगा। विशेष रूप से वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और करावल नगर जैसे यमुना पार के क्षेत्रों में पहली बार मेट्रो सुविधा पहुंचेगी।

उन्होंने कहा कि जिन तीन नए मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास किया गया है, वे भी दिल्ली की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति देंगे। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के ट्रायल संचालन शुरू किए जाने को भी दिल्ली के लिए बड़ी सौगात बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार ने अपना एक वर्ष पूरा किया है और इस दौरान सरकार ने मेहनत और ईमानदारी के मंत्र को अपनाते हुए जनता की सेवा करने का प्रयास किया है। आयुष्मान योजना, यमुना की सफाई और कूड़े के पहाड़ों का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन विषयों पर मिशन मोड में काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र से प्रेरित होकर दिल्ली में 70 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, जहां गरीबों, आश्रितों और मजदूरों को बेहद कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इन कैंटीनों में प्रतिदिन लगभग 70 हजार लोग भोजन प्राप्त कर रहे हैं। दिल्ली में प्रदूषण और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए भी केंद्र सरकार के सहयोग से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। लगभग 50 वर्ष बाद दिल्ली के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिससे जलभराव और प्रदूषण की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ के विचार से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार ने लाड़ली योजना के तहत लंबे समय से लंबित 70 हजार बेटियों को लगभग 200 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया है, जो पहले खातों में पड़ी अनक्लेम्ड राशि थी और लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाई थी।

तकनीक और पारदर्शिता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने अपने सभी विभागों में डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा दिया है। इसके तहत ई-फाइल सिस्टम, अस्पतालों में डिजिटल रिकॉर्ड, ऑनलाइन ओपीडी बुकिंग, डिजिटल एसेट मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट पोर्टल और सीएम जन सुनवाई ऐप शुरू किए गए हैं।

शिक्षा क्षेत्र में भी डिजिटल पहल की गई है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 7000 स्मार्ट क्लास, 275 कंप्यूटर लैब और 100 डिजिटल लाइब्रेरी शुरू की गई हैं। बीते 365 दिनों में दिल्ली सरकार ने 24×7 जनता की सेवा करने और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने का प्रयास किया है।

महिला दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, 10 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन, जन-धन खातों और मुद्रा योजना के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण तथा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 14-15 वर्ष की बेटियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के मुफ्त टीकाकरण की पहल भी महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में देश के हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की योजना शुरू किए जाने से बेटियों के लिए दूसरे शहरों में जाकर पढ़ाई करना और आसान हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति पर विश्वास के कारण ही विकास की हर योजना में महिलाओं को केंद्र में रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इन विकास कार्यों और परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करती है।

Related Articles

Back to top button