Navratri 2026: पालकी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, 19 मार्च से शुरू होगा हिंदू नववर्ष

Navratri 2026: पालकी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, 19 मार्च से शुरू होगा हिंदू नववर्ष
हिंदू धर्म में आस्था और श्रद्धा का पर्व नवरात्र इस वर्ष 19 मार्च से शुरू हो रहा है। इसी दिन से हिंदू नववर्ष और विक्रम संवत की भी शुरुआत होगी। इस बार माता रानी पालकी पर सवार होकर पृथ्वी पर आगमन करेंगी। 19 मार्च से 27 मार्च तक भक्त नौ दिनों तक देवी मां की विधि-विधान से पूजा और आराधना करेंगे, जबकि 27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित Peepal Mahadev Mandir के पुजारी Pandit RD Tiwari ने बताया कि सनातन परंपरा के अनुसार नया वर्ष चैत्र शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू होता है। इसी दिन से विक्रम संवत का आरंभ माना जाता है और माता रानी की उपासना के साथ नए साल की शुरुआत होती है।
उन्होंने बताया कि 19 मार्च को सुबह 6:40 बजे तक अमावस्या तिथि रहेगी। इसके बाद प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी और इसी के साथ नवरात्र का शुभारंभ होगा। इस दिन मंदिरों और घरों में कलश स्थापना की जाएगी और भक्त नौ दिनों तक नौ रूपों में देवी मां की पूजा करेंगे।
पंडित आरडी तिवारी के अनुसार नए पंचांग के मुताबिक इस वर्ष का राजा गुरु और मंत्री मंगल होंगे। राजा गुरु होने के कारण धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में वृद्धि होने की संभावना है, जबकि मंत्री मंगल होने से कुछ स्थानों पर तनाव या अशांति की स्थिति भी बन सकती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नवरात्र में माता रानी अलग-अलग दिनों के आधार पर अलग वाहन पर सवार होकर आती हैं। यदि नवरात्र की शुरुआत रविवार या सोमवार को होती है तो माता हाथी पर आती हैं, शनिवार या मंगलवार को शुरुआत होने पर घोड़े पर सवार होकर आती हैं, गुरुवार या शुक्रवार को शुरुआत होने पर पालकी में आती हैं और बुधवार को शुरुआत होने पर नौका पर आगमन होता है।
इस वर्ष नवरात्र की शुरुआत ऐसे संयोग में हो रही है कि माता रानी पालकी पर सवार होकर आएंगी, जिसे कुछ धार्मिक मान्यताओं में सामाजिक और प्राकृतिक परिस्थितियों में बदलाव का संकेत भी माना जाता है। नवरात्र को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।




