नवीन अस्पताल के मालिक, डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अमर सैनी

नोएडा। थाना दादरी में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक वैगन आर कार चालक ने एक युवक को टक्कर मार दिया। उसे उपचार के लिए नवीन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों के लापरवाही के चलते उसकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दादरी की प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि रामकुमार पुत्र महेंद्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मनीष कुमार पुत्र प्रमोद कुमार उम्र 21 वर्ष 25 मई को 2 बजे के करीब किसी आवश्यक कार्य से मोटरसाइकिल पर सवार होकर खुर्जा जा रहा था। बुलंदशहर बाईपास के पास एक अज्ञात कार चालक ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। कार चालक मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना मनीष के साथी द्वारा उनके परिजनों को दी गई। जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि मनीष को एंबुलेंस की सहायता से बुलंदशहर के बनारसी दास अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां पर डॉक्टरों ने बताया कि मनीष के पैर में हल्की चोट है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद मनीष को घर भेज दिया गया। पीड़ित के अनुसार मनीष के पैर में दर्द होने के चलते 25 मई की रात को उसे दादरी के नवीन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिवार जनों द्वारा डॉक्टर से पूछने पर डॉक्टरों ने कहा कि मरीज की स्थिति सामान्य है। कोई घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने कहा कि मरीज को किसी अन्य अस्पताल में रेफर करने की जरूरत नहीं है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के अनुसार 28 मई को मनीष की उपचार के दौरान नवीन अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने नवीन अस्पताल के मालिक, डॉक्टर और नर्स के खिलाफ लापरवाही से उपचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात कार चालक तथा नवीन अस्पताल के मालिक, डॉक्टर तथा स्टाफ के खिलाफ धारा 304 -ए सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img