उत्तर प्रदेश : हापुड़ डीएम अभिषेक पांडेय की बड़ी कार्रवाई, बीएसए कार्यालय के तीन कर्मचारी हुए बर्खास्त, SOP लागू

Hapur News : डीएम अभिषेक पांडेय ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हाल ही में एंटी करप्शन टीम द्वारा BSA कार्यालय में रिश्वतखोरी के मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद डीएम ने कार्यप्रणाली को सुधारने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया। निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया, जबकि एक खंड शिक्षा अधिकारी (बीओ) से सभी चार्ज छीनकर उन्हें कार्यमुक्त करने के लिए शासन को पत्र भेजा जा रहा है।

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई

दरअसल, डीएम ने सहायक लेखाकार कपिल और निखिल को कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन कर भ्रष्टाचार करने के आरोप में बर्खास्त किया। डीसी निर्माण विशाल की चयन प्रक्रिया में अनियमितताएं और उनके खिलाफ कई शिकायतें मिलने के बाद उन्हें भी बर्खास्त कर दिया गया। बीओ मुख्यालय योगेश गुप्ता से सभी चार्ज वापस ले लिए गए हैं, और उन्हें जनपद से कार्यमुक्त करने के लिए शासन से पत्राचार शुरू हो गया है।डीएम ने बताया कि शिक्षक संघ से हाल ही में हुई मुलाकात में अवकाश आवेदनों के निस्तारण, ऑनलाइन अवकाश प्रक्रिया, और स्कूलों के निरीक्षण के मानकों जैसे मुद्दे उठाए गए थे। इनके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) निर्धारित की गई है।

डीएम ने समय और दिन किया निर्धारित

स्कूलों में निर्माण कार्यों के लिए आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए भी SOP बनाई गई है। शिक्षकों के GPF लोन से संबंधित प्रकरणों को 15 दिनों में निपटाने और स्कूल मान्यता की प्रक्रिया को शासनादेश के अनुसार समयबद्ध करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक गुरुवार को डीएम कार्यालय में एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। लंबित वेतन और जांच मामलों को 15 दिनों में निपटाने, मेहनती शिक्षकों को प्रोत्साहित करने और अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि इन एसओपी के पालन से बीएसए कार्यालय की विश्वसनीयता को पुनः स्थापित किया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img