Kondali Drowning Tragedy: कोंडली नहर में डूबे दो सगे भाई, नहाने के दौरान दर्दनाक हादसे में गई जान
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के कोंडली नहर से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब दोनों भाई अपने दोस्तों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर नहर पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों का एक समूह नहर के पास आया था, जिसमें से दो बच्चे—रवि (15 वर्ष) और भीम (13 वर्ष)—नहाने के लिए पानी में उतर गए। कुछ ही देर बाद यह पता चला कि दोनों बच्चे डूब गए हैं और पानी से बाहर नहीं निकल पा रहे। तुरंत इसकी सूचना आपात सेवाओं को दी गई।
फायर अधिकारी बाबूराम ने बताया कि सुबह 6:10 बजे कॉल मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों बच्चों के शव नहर से निकाल लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नहरों और अन्य जल स्रोतों के पास सतर्कता बरतें, विशेषकर बच्चों को अकेले नहाने जाने से रोकें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
.>>>>>>>>>>>>>>>>>>
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे



