Knowledge Park Hit and Run: नॉलेज पार्क में होंडा सिटी कार ने तीन युवकों को मारी जोरदार टक्कर, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेलर टी-पॉइंट के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार होंडा सिटी कार चालक ने सड़क किनारे जा रहे तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और उन्हें गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से तेजी से फरार हो गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर नॉलेज पार्क पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जीवन संकट में डालने की संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले अमित कुमार उपाध्याय ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि 20 अक्टूबर की रात उनका भतीजा राज गौरव अपनी स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए पैदल तुगलपुर पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। उसके साथ उसके दो साथी आदित्य सिंह और शिवांग सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर स्कूटी को पैर से धक्का देकर आगे बढ़ा रहे थे। वे जैसे ही स्टेलर टी-पॉइंट के समीप पहुंचे, पीछे से अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से राज गौरव, आदित्य और शिवांग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहुलूहान हो गए। राज गौरव के सिर, हाथ और पैरों में कई गंभीर फ्रैक्चर आए हैं, जिनका उपचार एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टी-पॉइंट और आसपास के शिक्षण संस्थानों व सोसायटियों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर का पता लगाकर आरोपी चालक को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

