Kanwar Yatra: ग्रेटर नोएडा में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा, शिवभक्तों ने पुलिस को मेडल पहनाकर जताया आभार

Kanwar Yatra: ग्रेटर नोएडा में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा, शिवभक्तों ने पुलिस को मेडल पहनाकर जताया आभार

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का पुलिस ने दनकौर क्षेत्र में पुष्प वर्षा और माला पहनाकर स्वागत किया। पुलिस के इस सम्मान से कांवड़ियों में उत्साह देखने को मिला। वहीं, शिवभक्तों ने भी पुलिस के सुरक्षा इंतजामों की सराहना करते हुए पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका आभार जताया।

दनकौर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की और उन्हें प्रसाद भी ग्रहण कराया। इस मौके पर ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी, एसीपी, दनकौर इंस्पेक्टर समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से उनकी यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी होने के बारे में जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

कांवड़ियों ने पुलिस की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। शिवभक्तों ने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस का सहयोग लगातार मिलता रहा। सुरक्षा और सम्मान मिलने से उनका उत्साह और बढ़ा है। कांवड़ियों ने पुलिसकर्मियों को मेडल पहनाकर कहा कि उनकी सुरक्षित यात्रा में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे श्यामवीर भाटी ने बताया कि उन्होंने करीब 250 किलोमीटर की यात्रा पूरी की है। वह एक तारीख को हरिद्वार से गंगाजल लेने गए थे और सोमवार शाम तक अपने गांव पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर वह अपने गांव के मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।

श्यामवीर भाटी ने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने सुरक्षा, खाने-पीने और कांवड़ियों के स्वागत के लिए किए गए इंतजामों पर पुलिस और प्रशासन का आभार जताया।

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार तैनात है। कांवड़ियों के लिए बनाए गए शिविरों में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर शिवभक्तों का स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दनकौर थाना क्षेत्र में भी कांवड़ियों के स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img