Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, भंडारों में भोजन की गुणवत्ता जांची

0
7

Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, भंडारों में भोजन की गुणवत्ता जांची

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए लगाए जा रहे भंडारों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने भंडारा संचालकों को भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम और पुलिस कमिश्नर ने रबूपुरा थाना क्षेत्र समेत कांवड़ मार्ग के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी रवि शंकर निम, डीसीपी साद मियां खान समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।