Independence Day: नोएडा-ग्रेनो के स्कूलों और कॉलेजों में बिखरे देशभक्ति के रंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजे परिसर

Independence Day: नोएडा-ग्रेनो के स्कूलों और कॉलेजों में बिखरे देशभक्ति के रंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजे परिसर

नोएडा। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। शहर के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण, कविता, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

सेक्टर-30 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् और देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुति दी। छात्रों ने सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी समेत देश के अन्य महापुरुषों की वेशभूषा धारण कर उनके योगदान को याद किया और देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सेक्टर-39 स्थित रयान इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों ने वॉइस ऑफ इंडिया गीत और आजादी की अदालत नाटक के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व और नागरिकों की जिम्मेदारियों को सामने रखा। कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुभाष चंद्रन केआर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदारियों और स्वतंत्रता के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।

सेक्टर-62 स्थित इंडस वैली स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट, देशभक्ति गीत, भाषण, कविता, नुक्कड़ नाटक और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमांडेंट राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों से देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

सेक्टर-28 स्थित विश्व भारती स्कूल में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् गीत के साथ देशभक्ति नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष को याद किया गया।

सेक्टर-150 स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में प्रतीक ग्रुप फाउंडेशन-आकार की ओर से 150 से अधिक विद्यार्थियों को स्टेशनरी वितरित की गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में पूर्व अधिकारी अखिल शुक्ला की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया।

सेक्टर-62 स्थित आईएमएस कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और अन्य देशभक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से आजादी के पर्व को उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का संकल्प लिया।

सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।

सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों ने समूहगान, भाषण, एकल गायन और देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

जेवर स्थित राजकीय कन्या डिग्री कॉलेज में विधायक धीरेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय जेवर क्षेत्र की प्रत्येक बेटी को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बेटी की उच्च शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। शिक्षा से सशक्त बेटियां ही विकसित जेवर, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेंगी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कॉलेज की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बेटियों की शिक्षा और सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर भी संदेश दिया गया।

नोएडा में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह शैक्षणिक संस्थानों तक ही सीमित नहीं रहा। शहर के मंदिरों में भी ध्वजारोहण कर आजादी का पर्व मनाया गया। सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर और सेक्टर-62 स्थित श्री विनायक मंदिर में ध्वजारोहण किया गया। मंदिर समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की। राष्ट्रगान और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आयोजित इन कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति की प्रस्तुतियों के जरिए स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाया। स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और धार्मिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया गया।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img