Jewar: जेवर में राज्य मंत्री रामकुमार बालियान ने ग्रामीणों को किया जागरूक, सस्ता राशन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Jewar: जेवर में राज्य मंत्री रामकुमार बालियान ने ग्रामीणों को किया जागरूक, सस्ता राशन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
नोएडा। सहकारिता विभाग के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रामकुमार बालियान शुक्रवार शाम जेवर क्षेत्र के मकनपुर बांगर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ एक जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को सस्ता गल्ला दुकान से राशन प्राप्त करने से जुड़े उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समझाया।
राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार निगरानी कर रही है और यदि कहीं भी अनियमितता हो तो उसकी शिकायत संबंधित विभाग में दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर प्रशासन को तुरंत अवगत कराएं।
रामकुमार बालियान ने गौतमबुद्ध नगर जिले में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट के निर्माण से पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ शहरों के साथ-साथ गांवों तक भी पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने फार्मूला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश निषाद को उनके सराहनीय कार्यों के लिए शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने उपनिरीक्षक की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही क्षेत्र में शांति और विकास संभव है।
इस अवसर पर धीरज ठाकुर, बिजेंद्र प्रधान रामपुर खादर, राजवीर नेता जी, प्रताप प्रधान जी, बृजगोपाल भाटी, जगदीश रावत, लाला सोलंकी, कालू भाटी, समंदर भाटी, ईश्वर शर्मा, राजकुमार रावल, गोपालदेव रावल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने राज्य मंत्री का स्वागत किया और कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए सरकार की योजनाओं के प्रति भरोसा जताया।





