Hindon River: हिंडन में डूबे सौरभ का शव ढाई किलोमीटर दूर मिला, शिव राजपूत की तलाश में NDRF-SDRF का अभियान जारी

Hindon River: हिंडन में डूबे सौरभ का शव ढाई किलोमीटर दूर मिला, शिव राजपूत की तलाश में NDRF-SDRF का अभियान जारी

नोएडा। यूसुफपुर चक शाहबेरी के पास हिंडन नदी में डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ की टीम को 20 वर्षीय सौरभ का शव घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर नदी में मिला। वहीं, दूसरे युवक 19 वर्षीय शिव राजपूत का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय शिव राजपूत मूलरूप से बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का रहने वाला है। वहीं, 20 वर्षीय सौरभ बुलंदशहर के खुर्जा थाना क्षेत्र के बिजलीपुर गांव का निवासी था। दोनों वर्तमान में बिसरख कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर चक शाहबेरी गांव में रह रहे थे।

घटना शनिवार की है। दोनों युवक हिंडन नदी के दूसरे किनारे पर रस्सी बांधने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नदी पार कराने के लिए इस्तेमाल होने वाली नाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दोनों किनारों के बीच रस्सी बांधी जानी थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक शिव राजपूत को नदी के दूसरे किनारे तक रस्सी पहुंचाकर बांधने के बदले 500 रुपये मिलने थे। इसके लिए उसने अपने साथी सौरभ की मदद ली थी। शिव ने कथित तौर पर खुद को रस्सी से बांधा और नदी में उतरकर तैरते हुए दूसरे किनारे की तरफ बढ़ने लगा।

बताया गया कि शिव जब नदी के बीच में पहुंचा तो अचानक रस्सी खुल गई। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा। शिव को पानी में संघर्ष करते देखकर सौरभ उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया।

सौरभ ने शिव को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को डूबते देखा तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई। नदी की गहराई और तेज बहाव को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।

दोनों बचाव एजेंसियों की टीमें पिछले दो दिनों से नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही थीं। नदी के आसपास और बहाव की दिशा में अलग-अलग स्थानों पर दोनों युवकों की तलाश की गई।

सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर दूर नदी में सौरभ का शव मिला। टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। सौरभ का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

दूसरी ओर शिव राजपूत की तलाश अभी जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नदी के बहाव की दिशा में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। शिव का परिवार घटना के बाद से उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए है और पुलिस-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक काफी तलाश के बाद सौरभ का शव हिंडन नदी से बरामद कर लिया गया है। शिव राजपूत का अभी पता नहीं चला है और उसकी तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img