गुजरात की कंपनी पर पैसे हड़पने का आरोप

अमर सैनी

नोएडा। गाजियाबाद निवासी ठेकेदार ने गुजरात की कंपनी पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। ठेकेदार का कहना है कि कंपनी से ठेका मिलने पर ग्रेटर नोएडा में काम किया गया था, जिसका एक करोड़ से अधिक रुपये बकाया है। कंपनी के अधिकारी बकाया रकम नहीं दे रहे हैं। डीजीपी से शिकायत करने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
गाजियाबाद के वसुंधरा में रहने वाले अरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि गुजरात की एक कंपनी के साथ ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग जगह कुछ काम करने को लेकर उनका करार हुआ था। कंपनी के बताए अनुसार उनकी फर्म द्वारा काम पूरा कर दिया गया, जिसका उन्होंने तीन करोड़ 12 लाख 84 हजार रुपये का बिल बना कर दिया। कंपनी द्वारा ठेकेदार को एक करोड़ 94 लाख 16 हजार का भुगतान किया गया। पीड़ित ठेकेदार का आरोप है कि कंपनी पर उनका एक करोड़ 18 लाख 67 हजार रुपये बकाया है। कंपनी द्वारा जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने एक करोड़ रुपये कर्ज लेकर काम में लगाए थे, लेकिन कंपनी द्वारा बकाया रकम न चुकाने से वह मानसिक रूप से परेशान हैं। पैसा मांगने पर धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी। अब इस मामले में सेक्टर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img