Contaminated Water: ग्रीन आर्च सोसाइटी में 35 लोगों को उल्टी-पेट दर्द, स्वास्थ्य शिविर में 40 की जांच
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ग्रीन आर्च सोसाइटी में दूषित पेयजल की आशंका के बीच लोगों के बीमार पड़ने का सिलसिला जारी है। पिछले कुछ दिनों से सोसाइटी में रहने वाले लोगों में पेट दर्द, उल्टी और बुखार जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। कई लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भी जाना पड़ा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार को जिम्स अस्पताल की टीम ने सोसाइटी परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया।
शिविर में करीब 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से 35 लोगों में पेट दर्द और उल्टी जैसी शिकायतें सामने आईं। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दीं और सावधानियां बरतने की सलाह दी। जिन लोगों में पानी से जुड़ी बीमारी के लक्षण पाए गए, उनके घरों से पानी के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है, ताकि पानी की गुणवत्ता और बीमारी के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।
सोसाइटी के ए टावर में रहने वाले अमित ने बताया कि लगातार लोगों की तबीयत खराब होने से निवासी चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को कई दिनों से पेट दर्द की शिकायत थी। पहले घर पर ही उसका उपचार कराया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब पांच घंटे तक इमरजेंसी में उपचार किया गया। हालत में सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उसे घर भेज दिया।
अमित का कहना है कि सोसाइटी में लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि लोग दूषित पानी की आशंका के कारण घर में आने वाले पानी का इस्तेमाल करने से भी बच रहे हैं। उन्होंने प्राधिकरण और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन से समस्या का प्रभावी और स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
वहीं, एओए अध्यक्ष नामित रंजन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। सोसाइटी में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है और पानी की गुणवत्ता की जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि पानी की टंकियों में निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीन डाला जा रहा है, ताकि निवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। एओए की ओर से फिलहाल सोसाइटी की स्थिति सामान्य होने का दावा करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
कार ने बाइक सवार दोस्तों को 200 मीटर तक घसीटा, दोनों की मौत
नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार की टक्कर के बाद बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय बाइक समेत दोनों युवकों को करीब 200 मीटर तक घसीट दिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हमीरपुर जिले के अमगांव निवासी 19 वर्षीय सचिन और न्यूरिया गांव निवासी 19 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। सचिन ऐच्छर गांव में रह रहा था, जबकि मनीष सेक्टर ओमिक्रोन में किराए के मकान में रहता था।
मृतक सचिन के पिता बाबूराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात सचिन अपने दोस्त मनीष के साथ बाइक पर सवार होकर नवादा गोल चक्कर से डोमिनोज गोल चक्कर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अवध ग्रीन कट के सामने एक कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
आरोप है कि टक्कर के बाद कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों युवक बाइक समेत कार में फंस गए और कार चालक उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। कुछ दूरी पर कार रुकने के बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।


