Greater Noida Murder Case: युवक की हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, शव छिपाने की कोशिश का खुलासा

Greater Noida Murder Case: युवक की हत्या के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, शव छिपाने की कोशिश का खुलासा
नोएडा के ग्रेटर नोएडा में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने वारदात को सड़क हादसा दिखाने और शव को छिपाने की कोशिश की थी।
Noida Police के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरपाल, अमित कुमार और सनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई इको कार, लोहे का पाना, एक अवैध तमंचा, कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि मृतक अमित उर्फ भोंचू के खिलाफ पहले एक गंभीर मामला दर्ज था, जिसमें वह जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद उसका और आरोपियों के बीच पुराना विवाद चल रहा था, जिससे रंजिश और बढ़ गई थी।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को आरोपी अमरपाल, अमित और सनी बागेश्वर धाम मध्य प्रदेश घूमने गए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि अमित उनके घर के आसपास देखा गया है। इसके बाद आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
25 मार्च को परी चौक के पास अमित उर्फ भोंचू आरोपियों को मिल गया। यहां कहासुनी के बाद वह भागने लगा, लेकिन आरोपियों ने अपनी कार से उसे टक्कर मार दी। इसके बाद घायल अवस्था में उसे कार में डालकर लोहे के पाना से सिर पर हमला किया गया।
वारदात के बाद आरोपियों ने शव को ग्रेटर नोएडा के सफीपुर गांव के अंडरपास के पास सुनसान कच्चे रास्ते में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।





