उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Flower Exhibition: ग्रेटर नोएडा में फूलों की प्रदर्शनी में ड्रोन शो, AI और रोबोटिक्स के साथ एक लाख मौसमी फूल दिखाए जाएंगे

Greater Noida Flower Exhibition: ग्रेटर नोएडा में फूलों की प्रदर्शनी में ड्रोन शो, AI और रोबोटिक्स के साथ एक लाख मौसमी फूल दिखाए जाएंगे

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी इस बार केवल रंग-बिरंगे फूलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस बार की पुष्प प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों के साथ-साथ भव्य ड्रोन शो भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अनुसार 26 फरवरी से एक मार्च तक सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रदर्शनी में शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से विज्ञान प्रदर्शनी पर इस बार अधिक फोकस किया गया है, ताकि बच्चे तकनीक और नवाचार के माध्यम से समाज को जागरूक करने वाले मॉडल प्रस्तुत कर सकें।

पुष्प प्रदर्शनी में थीम फ्लावर कैलेंडुला के साथ एक लाख से अधिक मौसमी फूलों की विभिन्न प्रजातियों को प्रदर्शित किया जाएगा। शहर के प्रमुख गोलचक्करों पर भी इसी थीम के फूल लगाए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बने। प्रदर्शनी के दौरान नुक्कड़ नाटक और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नदियों, हवा और पानी के संरक्षण के लिए पौधरोपण का संदेश दिया जाएगा। साथ ही पर्यावरण प्रदूषण, स्वच्छता और कचरे के पुनः उपयोग को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

कचरे से उपयोगी वस्तुएं बनाने और स्वच्छ वातावरण तैयार करने की थीम पर आधारित प्रस्तुतियां भी पुष्प प्रदर्शनी का हिस्सा होंगी। नदियों के किनारे पौधरोपण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। नृत्य, संगीत, कविता और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनके लिए प्रतिभागियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। नृत्य प्रतियोगिता में फिल्मी संगीत पर प्रस्तुति की अनुमति नहीं होगी और प्रतिभागियों को पशु संरक्षण, पेड़ बचाओ, जंगल बचाओ और भारतीय त्योहारों पर आधारित लोक नृत्य की थीम पर ही प्रस्तुति देनी होगी। कविता प्रतियोगिता की थीम हवा और पानी बचाओ तथा सामाजिक विकास रखी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

यह पुष्प प्रदर्शनी न केवल प्रकृति की सुंदरता का उत्सव होगी, बल्कि तकनीक, रचनात्मकता और पर्यावरण जागरूकता को एक साथ जोड़ने वाला एक यादगार आयोजन साबित होगी।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button