Greater Noida: खोदना खुर्द में 12 करोड़ की जमीन से हटा अतिक्रमण, ग्रेनो प्राधिकरण की कार्रवाई
नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्राम खोदना खुर्द में करीब 6000 वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार इस जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये है। कॉलोनाइजर इस जमीन पर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख और परियोजना विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-2 की टीम ने सोमवार दोपहर बाद मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाया। कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी जरूर लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई न फंसे।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम खोदना खुर्द के खसरा संख्या 502 की जमीन पर कॉलोनाइजर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे। यह भूमि प्राधिकरण की अर्जित और कब्जा प्राप्त जमीन है।
वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, सुपरवाइजर और प्राधिकरण सुरक्षाकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा अवैध निर्माण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

