Greater Noida Crime: भूखंड की रजिस्ट्री कराने के लिए विधवा महिला को अपहरण की धमकी, घर में घुसकर बदमाशों ने डराया

Greater Noida Crime: भूखंड की रजिस्ट्री कराने के लिए विधवा महिला को अपहरण की धमकी, घर में घुसकर बदमाशों ने डराया
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के रोनिजा गांव में एक विधवा महिला को भूखंड की रजिस्ट्री कराने के लिए अपहरण की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व जबरन महिला के घर में घुस आए और बैनामा न करने पर उसे अगवा करने की धमकी दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मेघराज ने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले ग्रेटर नोएडा निवासी एक व्यक्ति ने उनकी विधवा भाभी को झांसे में लेकर 120 वर्ग मीटर के भूखंड का एग्रीमेंट करा लिया था। एग्रीमेंट के दौरान महिला को करीब साढ़े तीन लाख रुपये दिए गए थे। दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी थी कि यदि महिला तय रकम ब्याज सहित वापस कर देती है, तो एग्रीमेंट स्वतः रद्द कर दिया जाएगा। आरोप है कि महिला द्वारा रुपये लौटाने की बात कहने के बावजूद अब आरोपी जबरन भूखंड की रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहे हैं।
मेघराज के अनुसार मंगलवार को आरोपी अपने कई साथियों के साथ महिला के घर पहुंचे और जबरन अंदर घुस गए। आरोपियों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि अगर उसने भूखंड का बैनामा नहीं कराया तो उसका अपहरण कर लिया जाएगा। घटना के दौरान महिला और उसके परिजन बुरी तरह डर गए। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देकर वहां से चले गए।
परिवार ने बताया कि पूरी घटना पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें आरोपी घर में घुसते और धमकाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने इस फुटेज के साथ रबूपुरा कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





