Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 पुलिस ने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 पुलिस ने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़
रिपोर्ट: अमर सैनी
ग्रेटर नोएडा में बंद पड़े घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोरों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब साढ़े दस लाख रुपये की ज्वैलरी, लैपटॉप, घड़ियां, एक अवैध तमंचा और चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवधेश और बलराज के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से पहले इलाके में घूमकर बंद पड़े मकानों की रैकी करते थे। जैसे ही उन्हें मौका मिलता, वे घरों में सेंध लगाकर कीमती सामान और ज्वैलरी चोरी कर फरार हो जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि 28 फरवरी 2026 की रात आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर सेक्टर-36 स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया था। आरोपियों ने मकान की खिड़की काटकर घर के अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वैगनआर कार से मौके से फरार हो गए और चोरी का सामान साइट-4 इलाके में छिपा दिया था।
पुलिस ने 13 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर नट मढैय्या गोल चक्कर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। साथ ही गिरोह के अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।





