Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा में बारात पर जानलेवा हमला, चार और दबंग गिरफ्तार; 42 की तलाश में पुलिस

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा में बारात पर जानलेवा हमला, चार और दबंग गिरफ्तार; 42 की तलाश में पुलिस
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में 23 जनवरी को बरात पर हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब बचे 42 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, आपसी रंजिश को लेकर जगनपुर गांव के लीला पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हथियार, लाठी और डंडों से लैस होकर हमला किया। उस दिन जीतन के बेटे बादल की बरात बरातियों के चढ़त से पहले ही घात लगाए बैठे लोगों के हमले का शिकार हो गई। हमले में वीरेंद्र पक्ष के लोगों को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा गया और हवाई फायरिंग भी की गई। हमले में देविंद्र, राजेन्द्र, वीरेंद्र, भतीजे श्रीनिवास, अजीत, जगदीश सहित कई बुजुर्ग घायल हुए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 49 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसमें लीला पुत्र जगपाल, बलबीर, तेजपाल, सतवीर और जगन सहित 34 नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सोमवार को भूपेंद्र पुत्र तेजपाल, हरेंद्र पुत्र सतवीर, सुमित पुत्र धर्मपाल और अजीत पुत्र मदन को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से तमंचा, चाकू, सरिया, बेसबॉल बैट और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। इससे पहले पुलिस ने साबू, जितेंद्र और योगेश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा और घटनास्थल पर हुई हिंसा की पूरी जांच की जा रही है। इस हमले ने स्थानीय लोगों और बराती समुदाय में खौफ पैदा कर दिया है और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे





