उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida: डेल्टा-1 सेक्टर की ग्रीन बेल्ट पर कब्जे का आरोप, निवासियों ने मंत्री से लगाई गुहार

Greater Noida: डेल्टा-1 सेक्टर की ग्रीन बेल्ट पर कब्जे का आरोप, निवासियों ने मंत्री से लगाई गुहार

नोएडा के डेल्टा-1 सेक्टर में गेट नंबर-4 के पास स्थित ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। निवासियों का कहना है कि बिल्डर द्वारा ग्रीन बेल्ट की जमीन को काटकर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर नाराज निवासियों ने लखनऊ जाकर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता से मुलाकात की और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए के पूर्व महासचिव दीपक कुमार भाटी ने बताया कि बिल्डर द्वारा ग्रीन बेल्ट की बची हुई दीवार को गिराकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद सेक्टर के निवासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन भी किया था।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने कहा कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध कब्जे को रोकने और नियमानुसार बाउंड्री वॉल बनाने की मांग लगातार की जा रही है। उनका कहना है कि प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन जमीन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

निवासियों का आरोप है कि बिल्डर प्रभाव का इस्तेमाल कर नियमों को नजरअंदाज कर रहा है और सार्वजनिक ग्रीन एरिया को नुकसान पहुंचा रहा है। उनका कहना है कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र का संरक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि यह पर्यावरण और सेक्टर की योजना का अहम हिस्सा है।

इस मामले को लेकर लखनऊ में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूरी स्थिति से अवगत कराया। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

सेक्टर के निवासियों में उम्मीद है कि अब प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाएगा और ग्रीन बेल्ट पर हो रहे कथित अवैध कब्जे को रोका जाएगा। वहीं, प्राधिकरण की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

Related Articles

Back to top button