दुनिया में योग को बढ़ावा देने के लिए भारत ने की कई पहल : आयुष मंत्री

नई दिल्ली, 29 नवम्बर : भारत के आयुष मंत्रालय ने दुनिया भर में योग को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। जिनमें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने से लेकर योग प्रमाणन बोर्ड का गठन और योग पर शोध के साथ सांस्कृतिक अभियान तक शामिल हैं। यह जानकारी केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने शुक्रवार को लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

जाधव ने कहा, देश और दुनिया में योग जागरूकता अभियान चलाने के लिए कई योजनाओं को अमलीजामा पहनाया गया है। इसके तहत विभिन्न देशों में मौजूद भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों में आयुष सूचना प्रकोष्ठ स्थापित किए गए हैं जो योग सहित आयुष के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं, ताकि योग से प्राप्त होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी विदेशियों तक भी पहुंच सके। इस संबंध में देश के शैक्षणिक संस्थानों, शोध केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य संस्थानों में शोध परियोजनाओं के माध्यम से योग पर शोध भी किए जा रहे हैं। वहीं, मन शरीर हस्तक्षेप के लिए सहयोगी केंद्र के रूप में एम्स रायपुर, एम्स, ऋषिकेश, पीजीआई चंडीगढ़ को और अनुसंधान के लिए सहयोगी केंद्र के रूप में संस्कृति फाउंडेशन मैसूर, निमहंस बैंगलोर, कैवल्यधाम लोनावाला, आईआईटी मंडी, सावित्री बाई फुले विश्वविद्यालय, राम मनोहर लोहिया अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल को नामित किया गया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img