दिल्ली में डेंगू मामलों में वृद्धि, एक सप्ताह में सामने आए 300 से अधिक मरीज

नई दिल्ली, 24 सितम्बर : बीते दिनों राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश होने के कारण जल जनित रोगों में इजाफा हो रहा है। जिसके चलते महज एक सप्ताह के दौरान ही 300 से ज्यादा डेंगू के नए मामले सामने आए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में अब तक डेंगू के कुल 1,229 मामले सामने आए हैं। जिनमें पिछले एक सप्ताह में डेंगू के 300 से अधिक मामले शामिल हैं। इससे पिछले सप्ताह दिल्ली में डेंगू के लगभग 250 मामले सामने आए थे। उधर, दिल्ली नगर निगम की ओर से जारी 21 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार इस महीने दिल्ली में डेंगू के 651 मामले सामने आए हैं। इस दौरान एक 54 वर्षीय व्यक्ति की डेंगू के चलते लोकनायक अस्पताल में मौत हो गई थी। इस साल सबसे ज्यादा 180 मामले नजफगढ़ जोन से सामने आए हैं। एक हफ्ते में इस इलाके में 45 मामले सामने आए हैं, जो दक्षिण जोन को छोड़कर सभी जोन में सबसे ज्यादा है।

सफदरजंग में 24 घंटे में डेंगू के 20 संदिग्ध मरीज
सफदरजंग अस्पताल में पिछले 24 घंटे में डेंगू के 20 संदिग्ध मरीज भर्ती हुए हैं। अस्पताल की प्रवक्ता पूनम ढांडा ने बताया कि मौजूदा समय में अस्पताल में डेंगू के 18 मरीज भर्ती हैं। एक जुलाई से अब तक अस्पताल में डेंगू के 110 मरीज भर्ती हो चुके हैं। इनमें से अधिकतर मरीज ठीक होकर जा चुके हैं। वहींए 10 सितंबर को अस्पताल में डेंगू से एक मरीज की मौत भी हो चुकी है। वहीं दिल्ली सरकार के सबसे बड़े अस्पताल एलएनजेपी में डेंगू के पांच से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। जबकि डेंगू के 9 संदिग्ध मरीज भी भर्ती हैं।

मलेरिया के मामले में भी बढ़ोतरी
दिल्ली में पिछले साल की तुलना में अब तक मलेरिया के मामले काफी बढ़ गए हैं। इस महीने तक मलेरिया के 363 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 2023 में इसी महीने में यह आंकड़ा 294 था। पिछले साल मलेरिया के कुल मामले 426 थे। मलेरिया के सबसे अधिक मामले पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र से सामने आए हैं। वहीं चिकनगुनिया के अब तक 43 मामले सामने आए हैं। यह पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना है। पिछले साल यह आंकड़ा 23 था। इस साल चिकनगुनिया के सबसे अधिक मामले दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र से सामने आए हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img