Delhi Election 2024: आम आदमी पार्टी में शामिल हुए दिल्ली देहात के बड़े नेता सुमेश शौकीन

Delhi Election 2024: आम आदमी पार्टी में शामिल हुए दिल्ली देहात के बड़े नेता सुमेश शौकीन

रिपोर्ट: हेमंत कुमार

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। दिल्ली देहात के प्रमुख नेता और पूर्व विधायक सुमेश शौकीन ने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया है। पार्टी मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में “आप” के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पटका और पार्टी की टोपी पहनाकर सदस्यता दिलाई।

केजरीवाल ने किया सुमेश शौकीन का स्वागत

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “दिल्ली में हमारी सरकार बनने के बाद हमने शहरी विकास को ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंचाया है। दिल्ली देहात में जो विकास कार्य हुए हैं, उनसे प्रभावित होकर सुमेश शौकीन हमारी पार्टी में शामिल हुए हैं। उनके आने से न केवल देहात के इलाकों में हमारे कामों को गति मिलेगी, बल्कि पूरी दिल्ली में पार्टी को मजबूती मिलेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार ने दिल्ली के देहात इलाकों में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट, बेहतर सड़कें, स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और खेल के मैदान बनाए। 2015 से पहले इन इलाकों को पूरी तरह अनदेखा किया गया था। लेकिन हमने देहात के लोगों को यह महसूस कराया कि वे भी दिल्ली का अभिन्न हिस्सा हैं।”

कांग्रेस के अन्य नेता भी हो चुके हैं “आप” में शामिल

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कई कांग्रेस नेता “आप” में शामिल हुए हैं। 10 नवंबर को सीलमपुर से पांच बार के विधायक चौधरी मतीन अहमद और उनके परिवार के सदस्य “आप” में शामिल हुए। इसके बाद 15 नवंबर को दलित नेता और तीन बार के विधायक वीर सिंह धींगान ने भी कांग्रेस छोड़कर “आप” का दामन थामा। अब सुमेश शौकीन के शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

सुमेश शौकीन ने की “आप” सरकार की सराहना

सुमेश शौकीन ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व और “आप” सरकार के कामों की तारीफ करते हुए कहा, “दिल्ली देहात का जितना भी विकास हुआ है, वह केवल ‘आप’ सरकार के कार्यकाल में हुआ। चाहे वह सड़कों की कनेक्टिविटी हो, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट हो या बस सेवाएं। मैं अरविंद केजरीवाल की काम की राजनीति से प्रभावित होकर ‘आप’ में शामिल हुआ हूं। अब मैं उनके साथ मिलकर देहात और पूरे दिल्ली के लोगों के लिए काम करूंगा।”

दुर्गेश पाठक ने जताई उम्मीद

“आप” विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा, “सुमेश शौकीन एक बड़े और अनुभवी नेता हैं। उनका पार्टी में शामिल होना दिल्ली देहात में हमारी पकड़ को और मजबूत करेगा। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिलेगी और देहात की जनता को इसका सीधा लाभ होगा।” सुमेश शौकीन का आम आदमी पार्टी में शामिल होना दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img