CM Yogi Noida Visit: 9,228 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- पाप के गड्ढे भरने में समय लगा
CM Yogi Noida Visit: 9,228 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- पाप के गड्ढे भरने में समय लगा
नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा, यमुना सिटी और नोएडा में कुल 9,228 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और यमुना सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
कार्यक्रम के दौरान एंबर ग्रुप के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बजरंगबली की प्रतिमा और शॉल भेंट कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक तरीके से बेलचे से मिट्टी डालकर परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों के कारण बने “पाप के गड्ढे” भरने में समय लगा, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि कभी जंगलराज के लिए बदनाम रहा जेवर आज “मंगलराज” का प्रतीक बन गया है और प्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे आयात होने वाले उत्पाद अब देश में ही बनेंगे और दुनिया भर में निर्यात किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिल्डर-बायर्स, किसानों, आरडब्ल्यूए और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए हैं। एमएसएमई, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, फिल्म सिटी और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य मजबूत विनिर्माण, निवेश और रोजगार सृजन से ही संभव होगा। सितंबर में आयोजित होने वाला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो निवेश और निर्यात को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी पहचान के संकट से जूझता था, लेकिन आज कानून-व्यवस्था में सुधार, सेक्टोरल नीतियों और 75 हजार एकड़ के लैंड बैंक के कारण हर क्षेत्र के निवेशकों के लिए सबसे उपयुक्त राज्य बन चुका है। सरकार समय पर इंसेंटिव उपलब्ध कराती है और निवेश की पूरी प्रक्रिया बिना अनावश्यक मानवीय हस्तक्षेप के पूरी की जाती है, जिससे युवाओं के लिए तेजी से रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कानपुर और झांसी के बीच 56 हजार एकड़ क्षेत्र में बीडा (BIDA) के रूप में एक विशाल इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना को केंद्र सरकार से पर्यावरणीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से विकास परियोजनाओं को तेजी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रत्येक इकाई आत्मनिर्भर बनेगी, तब प्रत्येक जनपद आत्मनिर्भर होगा और इसी से देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने दावा किया कि जो उत्तर प्रदेश कभी “बीमारू” राज्य कहा जाता था, आज उसकी प्रति व्यक्ति आय और विकास की गति कई गुना बढ़ चुकी है।
इधर, मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए जेवर जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नोएडा पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई तथा कुछ नेताओं के कपड़े भी फट गए। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन के जरिए वहां से हटाया।




