Noida Rain Alert: मानसून से पहले हाईराइज सोसाइटियों में जलभराव का खतरा, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम फेल
नोएडा। मानसून की दस्तक के साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में बेसमेंट में जलभराव की आशंका बढ़ गई है। निवासियों का आरोप है कि करोड़ों रुपये के फ्लैट बेचने वाले कई बिल्डरों ने रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम या तो सही तरीके से बनाया ही नहीं या फिर उसका वर्षों से रखरखाव नहीं किया गया।
कई सोसाइटियों में बने रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पिट्स कचरे और प्लास्टिक से भर चुके हैं, जिससे बारिश का पानी जमीन में जाने के बजाय सड़कों और बेसमेंट में भर जाता है। कुछ जगहों पर निवासियों का दावा है कि पजेशन के समय जिस व्यवस्था का वादा किया गया था, वह आज तक धरातल पर दिखाई नहीं देती।
विशेषज्ञों का कहना है कि लाखों लीटर वर्षा जल हर साल नालों में बहकर बर्बाद हो जाता है, जबकि बाद में इन्हीं सोसाइटियों को पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है। निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से केवल नोटिस जारी करने के बजाय नियमों का उल्लंघन करने वाले बिल्डरों और सोसाइटियों पर सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने की मांग की है।
