चलती कारों में आग लगने से हड़कंप मचा

अमर सैनी

नोएडा। सेक्टर-70 और सेक्टर-21 में चलती दो कारों में आग लग गई। एक कार में फंसी महिला को राहगीरों ने बाहर निकाला। वहीं, दूसरी कार के चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान अल्प समय के लिए यातायात भी बाधित हुआ।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-70 स्थित पैन ओसिस सोसाइटी के पास मंगलवार शाम सवा चार बजे के करीब चलती टोयोटा इनोवा डीजल कार में आग लग गई। कार एक महिला चला रही थी, जो लगभग कार के अंदर फंस गई थी। राहगीरों ने महिला को बाहर निकाला और आग लगने की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी को मौके पर भेजा गया। 20 मिनट के अंदर आग पर काबू पाया गया। इसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी की जा रही है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

सेक्टर-21 के पास रेडलाइट पर बुधवार दोपहर 1:12 बजे होंडा अमेज पेट्रोल कार में आग लग गई। जैसे ही कार से धुआं उठा चालक नीचे उतर आया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी की मदद से 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। लोगों ने जलती हुई कार का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया के विविध प्लेटफॉर्म पर इसे साझा कर दिया। होंडा अमेज कार में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अब तक नहीं हो पाई है। इस दौरान मौके पर भीड़ एकत्र होने से यातायात आंशिक तौर पर बाधित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को किनारे कराकर यातायात को सामान्य कराया। अग्निशमन विभाग के साथ ही स्थानीय थाने की पुलिस भी इस दौरान मौके पर मौजूद रही।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img