Car Theft: पत्नी को खुश करने के लिए नोएडा से कार चुराकर एटा पहुंचा चालक, फर्जी नंबर प्लेट के साथ गिरफ्तार

Car Theft: पत्नी को खुश करने के लिए नोएडा से कार चुराकर एटा पहुंचा चालक, फर्जी नंबर प्लेट के साथ गिरफ्तार

नोएडा। पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करने और उसे प्रभावित करने के लिए एक चालक ने कथित तौर पर नोएडा से कार चोरी कर ली। आरोपी चोरी की कार लेकर एटा स्थित पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि वह नई कार खरीदकर लाया है। हालांकि, चोरी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह मोबाइल बंद कर कन्नौज में अपनी बहन के घर चला गया। दोबारा नोएडा लौटने पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। वह मूलरूप से एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र स्थित सोनसा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में किराये के मकान में रहता था और चालक का काम करता था।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। वह पत्नी को खुश कर दोनों के बीच चल रहे झगड़े को खत्म करना चाहता था। इसी दौरान उसने कार चोरी करने की योजना बनाई। आरोप है कि कार चोरी करने के बाद वह उसे लेकर सीधे एटा पहुंच गया और पत्नी से दावा किया कि उसने कार खरीदी है।

चोरी की गई कार गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती की थी। युवती 12 सितंबर को अपनी कार लेकर नोएडा के सेक्टर-18 पहुंची थी। उसने कार मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी की और इंटरव्यू देने चली गई। इसी दौरान आरोपी मौका पाकर कार लेकर फरार हो गया। कार गायब मिलने के बाद मामले की शिकायत सेक्टर-20 थाना पुलिस से की गई और चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया।

पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज होने की जानकारी आरोपी तक पहुंच गई। पकड़े जाने के डर से वह एटा से कन्नौज स्थित अपनी बहन के घर चला गया और पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। कुछ समय बाद वह दोबारा नोएडा आया, जिसकी जानकारी पुलिस को मिल गई।

सेक्टर-20 थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक खाली प्लॉट के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास चोरी की कार मिली, जिस पर पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से उसकी असली नंबर प्लेट भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट को कब्जे में ले लिया है। मामले में पहले दर्ज मुकदमे में जांच के आधार पर धोखाधड़ी और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में कार चोरी से लेकर फर्जी नंबर प्लेट लगाने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Hot this week

Bulandshahar : बुलंदशहर में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में...

Topics

Bulandshahar : बुलंदशहर में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img