Car Theft: चोरी की हुंडई एक्सटर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा

Car Theft: चोरी की हुंडई एक्सटर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा

नोएडा। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की हुंडई एक्सटर कार बरामद की है। जांच के दौरान कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि उसकी असली नंबर प्लेट डिग्गी में छिपाकर रखी गई थी। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, कनक नामक व्यक्ति ने सेक्टर-20 थाने में कार चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि हुंडई एक्सटर कार को सेक्टर-18 स्थित वेब सिल्वर टॉवर के सामने पार्किंग में खड़ा किया गया था। काम पूरा करने के बाद वापस लौटने पर कार वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद कार का पता नहीं चलने पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चोरी हुई कार और आरोपी की तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों की जानकारी जुटाने के साथ लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के मुताबिक, 13 सितंबर को पुलिस टीम ने अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास मौजूद हुंडई एक्सटर कार की जांच की गई तो उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली।

इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। डिग्गी से वाहन की असली नंबर प्लेट भी बरामद हो गई। पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने और जांच से बचने के लिए कार पर दूसरी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

पूछताछ में आरोपी की पहचान अरुण पुत्र अखिलेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, अरुण मूल रूप से एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है। वह वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी इलाके में रह रहा था।

पुलिस ने चोरी की कार को कब्जे में लेने के साथ फर्जी और असली नंबर प्लेट भी बरामद कर ली हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2) और 345(3) के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img