Education Officers: लंबे इंतजार के बाद गौतमबुद्ध नगर के सभी ब्लॉकों को मिले खंड शिक्षा अधिकारी
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के परिषदीय विद्यालयों की निगरानी और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लंबे इंतजार के बाद जिले के सभी ब्लॉकों में खंड शिक्षा अधिकारियों की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है। तीन नए खंड शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति के बाद अब प्रत्येक ब्लॉक की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारी के पास होगी। इससे स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी बेहतर होने की उम्मीद है।
जिले में लंबे समय से खंड शिक्षा अधिकारियों के कई पद खाली चल रहे थे। स्थिति यह थी कि चारों ब्लॉकों की जिम्मेदारी एक ही खंड शिक्षा अधिकारी को संभालनी पड़ रही थी। एक अधिकारी के पास कई ब्लॉकों का प्रभार होने के कारण विद्यालयों का नियमित निरीक्षण और शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों की समयबद्ध निगरानी चुनौती बनी हुई थी।
अब शासन की ओर से तीन नए खंड शिक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है। नए अधिकारियों में मुद्गल, यशपाल और पोप सिंह शामिल हैं। इन्हें जेवर, दादरी और दनकौर ब्लॉक की जिम्मेदारी दिए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद जिले के सभी ब्लॉकों में अलग-अलग खंड शिक्षा अधिकारी उपलब्ध होंगे।
नई व्यवस्था से सबसे अधिक फायदा विद्यालयों की नियमित निगरानी में मिलने की उम्मीद है। खंड शिक्षा अधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण कर शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर सकेंगे।
अधिकारियों की पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण पहले एक ही अधिकारी को अलग-अलग क्षेत्रों में जाना पड़ता था। जिले के सभी विद्यालयों तक नियमित रूप से पहुंचना संभव नहीं होने से कई मामलों में स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान में भी समय लग जाता था। अब ब्लॉकवार अधिकारी उपलब्ध होने से विद्यालयों से जुड़ी शिकायतों और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान तेजी से होने की उम्मीद है।
नई तैनाती से छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति पर भी अधिक प्रभावी तरीके से नजर रखी जा सकेगी। विद्यालयों में संचालित योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी समीक्षा भी संबंधित ब्लॉक के अधिकारी नियमित रूप से कर सकेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि शासन की तरफ से नए खंड शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अधिकारियों को दादरी, जेवर और दनकौर की जिम्मेदारी दी जाएगी। नई तैनाती के बाद शिक्षा विभाग की ब्लॉक स्तर की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने के साथ विद्यालयों की मॉनिटरिंग में भी सुधार आने की उम्मीद है।

