Noida: बिलासपुर में अवैध कॉलोनी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर 900 वर्गमीटर सरकारी भूमि कराई कब्जा मुक्त

Noida: बिलासपुर में अवैध कॉलोनी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर 900 वर्गमीटर सरकारी भूमि कराई कब्जा मुक्त

नोएडा। सदर तहसील प्रशासन ने मंगलवार को बिलासपुर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया और करीब 900 वर्गमीटर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस जमीन की अनुमानित कीमत साढ़े पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
सदर तहसील के उपजिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम में लेखपाल नीरज लता, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। जांच में सामने आया कि कॉलोनाइजर दो तालाबों की सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। तालाबों की जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा कर लिया गया था और प्लॉटिंग कर भूखंडों की बिक्री की तैयारी चल रही थी।
प्रशासन की ओर से कॉलोनाइजरों को पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसी को देखते हुए प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया।
कार्रवाई के दौरान तालाब की खसरा संख्या 1360 की लगभग 300 वर्गमीटर और दूसरे तालाब की खसरा संख्या 461 की करीब 600 वर्गमीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। यह जमीन मुख्य सड़क के किनारे स्थित है, जिसके कारण इसकी बाजार कीमत काफी अधिक आंकी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस भूमि की कुल अनुमानित कीमत लगभग पांच से साढ़े पांच करोड़ रुपये के बीच है।
एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने साफ कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा इस जमीन पर निर्माण किया गया तो संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाने पर लेखपाल नीरज लता के सराहनीय कार्य को देखते हुए उनके नाम विशेष प्रविष्टि जारी की गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img