राज्यबिहारराज्य

Bihar : गया में 3.80 करोड़ रुपये का फर्जी वाहन लोन घोटाला, कोटक महिंद्रा बैंक के दो मैनेजर समेत 28 पर एफआईआर

Bihar/Gaya (मृत्युंजय) : शहर के जीबी रोड स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में करीब 3.80 करोड़ रुपये के कथित वाहन लोन घोटाले का मामला सामने आया है। बैंक के सहायक प्रबंधक कुमार दीपेश की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना में बैंक के दो अधिकारियों सहित कुल 28 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फर्जी, संपादित और मनगढ़ंत चेसिस नंबर, इंजन नंबर व अन्य दस्तावेजों के आधार पर वाहन लोन स्वीकृत कराकर बैंक को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया। मामले का खुलासा बैंक की केंद्रीय टीम द्वारा किए गए इंटरनल ऑडिट और संदिग्ध लोन खातों के सत्यापन के दौरान हुआ, जिसमें दस्तावेजों और वास्तविक रिकॉर्ड में गंभीर विसंगतियां मिलीं।

एफआईआर में बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर वारिस आजम और टीम सेल्स मैनेजर रोहित राज को भी नामजद किया गया है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि लोन स्वीकृति प्रक्रिया में उनकी क्या भूमिका रही और कहीं यह संगठित साजिश का हिस्सा तो नहीं।

पुलिस ने बताया कि परिवहन विभाग के सहयोग से वाहनों के चेसिस और इंजन नंबरों का सत्यापन कराया जा रहा है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच होगी। सिटी एसपी ने कहा कि मामला अभी प्रारंभिक जांच के चरण में है और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button