Noida Farmers Protest: नोएडा में गुस्साए किसानों की प्राधिकरण में घुसने की कोशिश, बोले – “सीईओ से मिलकर ही रहेंगे”

Noida Farmers Protest: नोएडा में गुस्साए किसानों की प्राधिकरण में घुसने की कोशिश, बोले – “सीईओ से मिलकर ही रहेंगे”

नोएडा में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। किसानों और प्राधिकरण के बीच तीसरी बार हुई बातचीत भी बेनतीजा रही। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, वे आंदोलन जारी रखेंगे। इसी बीच माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब आक्रोशित किसानों ने नोएडा प्राधिकरण के गेट से जबरन अंदर घुसने की कोशिश की।

वार्ता फिर रही विफल, किसानों में बढ़ा गुस्सा
81 गांवों के किसानों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार सुबह से ही नोएडा प्राधिकरण पहुंचा था। पहले दो दौर की वार्ता नाकाम रही थी और तीसरे दौर में भी कोई समाधान नहीं निकल सका। किसानों और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक बातचीत चली, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद किसानों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने प्राधिकरण के मुख्य गेट से अंदर घुसने का प्रयास किया।

पुलिस से हुई झड़प, मचा हंगामा
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसानों को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ बढ़ती चली गई। हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद किसानों को शांत कराया गया।

“किसान अब आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे”
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण किसानों को हल्के में लेने की भूल न करे। उन्होंने कहा, “इस बार किसान बिना हक लिए नहीं लौटेंगे। अब हम सिर्फ वादों पर भरोसा नहीं करेंगे, जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, धरना जारी रहेगा।” किसानों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि सोमवार को प्राधिकरण पर पंचायत होगी, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।

“सीईओ से मिलकर ही मानेंगे”
किसानों का कहना है कि वे नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से सीधे मुलाकात करना चाहते हैं। किसानों का आरोप है कि बार-बार अधिकारियों के साथ बातचीत करने के बावजूद उनकी कोई मांग नहीं सुनी जा रही। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद किसानों ने कहा कि जब तक सीईओ से मुलाकात नहीं होती और ठोस समाधान नहीं निकलता, तब तक वे वापस नहीं जाएंगे।
स्थिति को काबू में करने के लिए प्राधिकरण के OSD क्रांति शेखर, अरविंद कुमार और डीजीएम विजय रावल मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर धरना स्थल पर बैठाया। फिलहाल किसान दोबारा मंच पर लौट आए हैं और शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img